उधमपुर। मजालता में मंगलवार को चालक के नियंत्रण खोने पर यात्रियों से भरी मेटाडोर सड़क किनारे पलट गई। इस दुर्घटना में 16 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों व पुलिस ने घायलों को पीएचसी मजालता पहुंचाया। यहां से 12 को जिला अस्पताल उधमपुर रेफर कर दिया है।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब साढ़े नौ बजे मेटाडोर (जेके14डी-1040) कथील से उधमपुर की तरफ आ रही थी। जब मेटाडोर मजालता पहुंची तो एक मोड़ पर चालक का मेटाडोर से नियंत्रण खो गया, और मेटाडोर सड़क किनारे पलट गई। इस दौरान सवार यात्री चीख पुकार करने लगे। दर्द से भरी आवाजें सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
कुछ समय बाद पुलिस भी पहुंच गई। लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए पीएचसी मजालता ले गए। जब पीएचसी में यात्रियों को ले जाया गया तो डॉक्टर व अन्य स्टाफ मौजूद नहीं था। इसको लेकर यात्रियों के परिजनों व स्थानीय लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। घटना के बारे में जब डाक्टरों को जानकारी हुई तो वे मौके पर पहुंचे और यात्रियों का उपचार शुरू किया।
पीएचसी में उपचार की सही सुविधाएं न होने के कारण 12 घायलों को जिला अस्पताल उधमपुर रेफर कर दिया है। पुलिस ने मेटाडोर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
------
दुर्घटना में घायल हुए लोग
मेटाडोर पलटने से घायल हुए यात्रियों की पहचान रोशन सिंह पुत्र रमेश सिंह निवासी पालनू, हंस राज पुत्र जफा राम निवासी सुनाल, संजय सिंह पुत्र जगदीश सिंह निवासी मजालता, रवि शर्मा पुत्र मदन मोहन, सुदेश कुमार पुत्र छोटू राम, रानू देवी पत्नी गोविंद राम, बृज पाल पुत्र गोविंद राम, स्वर्णा देवी पत्नी शिव राम, माही भारती पुत्री अशोक कुमार, नेहा रानी पुत्री बृज पाल व राधे श्याम पुत्र बालक राम सभी निवासी कथील मजालता, रमेश चंद्र पुत्र मनी राम, हंस राज पुत्र धनी राम, चरण दास पुत्र मुंशी राम, मोहन लाल पुत्र ओम प्रकाश व राज कुमार पुत्र संदोखु राम सभी निवासी मजालता के रूप में हुई है।
उधमपुर: मचलता में सड़क हादसे में घायल लोग जिला अस्पताल में उपचार दिन.- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर: मचलता में सड़क हादसे में घायल लोग जिला अस्पताल में उपचार दिन.- फोटो : UDHAMPUR