पिछले महीने कटड़ा रेलवे स्टेशन परिसर के पास झाड़ियों से संदिग्ध हालत में बच्चे के मिलने के मामले को जीआरपी ने सुलझा लेने का दावा शनिवार को किया।
पुलिस की पूछताछ में बच्चे की मां ने स्वीकार किया है कि उसने अपने आशिक के साथ मिलकर अपने बच्चे को मारा था।
एसएसपी जीआरपी कटड़ा अशोक शर्मा ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि होशियारपुर (पंजाब) की महिला गुरजीत कौर का भोगपुर (जांलधर) के रहने वाले अजय कुमार के साथ अवैध संबंध था।
एक-दूसरे को पाने के लिए दिसंबर में एक होटल में चार दिन तक पूरी तरह योजना बनाई। फिर दोनों ने बच्चे को कटड़ा लाकर पीट-पीट कर उसकी हत्या कर डाली।
पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को करीब एक सप्ताह पहले मोबाइल फोन ट्रैप करते हुए दिल्ली पुलिस की मद्द से दिल्ली से दबोच लिया था।
बता दें कि पहली जनवरी को संदिग्ध हालत में एक बच्चा स्टेशन के पास झाड़ियों से मिला था। उसे इलाज के लिए जीएमसी रेफर किया गया था।
पुलिस टीम ने सोशल मीडिया के माध्यम से बच्चे की तस्वीर को पहचान हेतु जारी कर दिया। उसके बाद एक फोन काल के माध्यम से पुलिस को पता चला कि उस बच्चे का ननिहाल कपूरथल्ला में है।
पुलिस टीम ने उस व्यक्ति द्वारा दिए गए नंबर पर संपर्क किया गया तो बच्चे के नाना और दादी पहचान के लिए जीएमसी जम्मू पहुंचे।
6 जनवरी को उक्त बच्चे की पहचान हरमन सिंह पुत्र हरप्रीत सिंह निवासी जिला होशियारपुर (पंजाब) के रूप में हुई थी। हालांकि बच्चे ने दम तोड़ दिया।
जांच में पाया गया कि बेरहम मां गुरजीत कौर और उसके प्रेमी अजय कुमार ने बच्चे को झाड़ियों में फेंककर गायब हो गए थे। पुलिस टीम ने आरोपियों को नरेला न्यू दिल्ली से दबोच लिया।