सुद्धमहादेव चौकी के अधीन पड़ते मानतलाई में वीरवार की सुबह स्थानीय युवक सुनील शर्मा (18) का शव फंदे से लटकता हुआ बरामद किया गया। घर के लोगों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक वीरवार की सुबह मानतलाई में एक पेड़ पर युवक का शव संदिग्ध अवस्था में लटकता मिला। इसकी जानकारी सुद्धमहादेव और चिनैनी पुलिस को दी गई।
थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। गांव के लोग भी भारी संख्या में मौके पर मौजूद थे। युवक के बड़े भाई सुरेंद्र शर्मा और पिता दुर्गा दास ने हत्या की आशंका जताई है।
कहा कि इस मामले में पूरी जांच की जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि बुधवार रात को उन्होंने सुनील को फोन किया था, लेकिन उसने फोन उठाया नहीं।
वीरवार की सुबह उन्हें सुबह किसी ने सूचना दी की सुनील का शव एक पेड़ से रस्सी के सहारे लटका हुआ है। मौके पर देखा तो हैरान रह गए।
उधर, चिनैनी एफएसएल की टीम ने भी अपनी कार्यवाही की। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल लैब की रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह मामला हत्या का है या अत्महत्या का।