चिनैनी। भारतीय जनता पार्टी की ओर से शुक्रवार को एक बैठक पार्टी कार्यालय चिनैनी में की गई। इस दौरान बूथ लेबल पर पार्टी को मजबूत करने पर जोर दिया गया। बैठक में पार्टी के जिला प्रधान दीनानाथ भगत और प्रदेश महामंत्री कवींद्र गुप्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर तीस बूथ लेवल कमेटियों के प्रधान और दस शक्ति केंद्र के कार्यकर्ताओं के अलावा चिनैनी ब्लाक के सभी पदाधिकारी उपस्थित थे। कवींद्र गुप्ता ने कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए बूथ लेवल पर पार्टी को मजबूत करने के लिए कहा। साथ ही एक बूथ दस यूथ की टीम गठित करने को कहा। इसके अलावा गांव चलो घर चलो अभियान के अंतर्गत हर घर से एक नोट कमल को वोट कार्यक्रम शुभारंभ करने को कहा गया। उन्होंने कहा कि इस समय पूरे देश में नरेंद्र मोदी की लहर है व महंगाई, भ्रष्टाचार, आतंकवाद, कालाधन और बेरोजगारी से तंग जनता नरेंद्र मोदी को देखना चाहती है। इस मौके पर जिला प्रधान ने चिनैनी घोरडी विधायक केसी भगत को आड़े हाथों लिया और कहा कि वह कालेज की घोषणा तो कर गए हैं, लेकिन आज तक चिनैनी में कालेज नहीं खुल सका है। उधर, आयरन कलेक्शन कमेटी ने भी लोहा इकट्ठा करने के लिए विभिन्न पंचायतों के कार्यकर्ताओं को कलेक्शन बाक्स बांटे। इस मौके पर गिरधारी लाल बड़ू, दीपक चंद्र, सुदेश गुप्ता, अशोक गुप्ता, विजय शर्मा, नरेश शर्मा व अन्य मौजूद रहे।