चिनैनी। एक के बाद एक त्योहारों का आना जारी है, वहीं चिनैनी की जनता को गैस सिलेंडरों की किल्लत से जूझना पड़ रहा है। वीरवार को गैस सिलेंडरों की गाड़ी पहुंची भी। लेकिन कई उपभक्ताओं को दिनभर इंतजार करने के बाद भी गैस सिलेंडर नहीं मिले। वीरवार की सुबह चिनैनी कसबे में करीब तीन सौ गैस सिलेंडर की गाड़ी पहुंची। करीब एक माह बाद रसोई गैस सिलेंडरों की गाड़ी पहुंचने की सूचना जैसे ही कसबे में पहुंची, तो स्थानीय लोगों का जमावड़ा लग गया। राकेश सिंह, साहिल गुप्ता व अन्य लोगों ने कहा कि चिनैनी तहसील मुख्यालय होने के बावजूद गैस एजेंसी से महरूम है। करीब एक माह बाद चिनैनी में गैस की गाड़ी तो आई, लेकिन कई उपभोक्ताओं को गैस न मिलने से निराशा भी हुई। उन्होंने रोष जाहिर करते हुए कहा कि कई बार तहसील मुख्यालय पर गैस एजेंसी खोलने की मांग उठाई जा चुकी है, लेकिन प्रशासन कोई ध्यान नहीं दे रहा है। इस संबंध में टीएसओ चिनैनी ध्रुव सिंह का कहना है कि करीब चार जगहों पर गैस एजेंसी खोलने की मांग उच्च अधिकारियों तक पहुंचाई गई है। उम्मीद है कि जल्द ही गैस एजेंसी की सुविधा मिलेगी। त्योहारों से पहले गैस उपलब्ध करवाई जाएगी।