उधमपुर। अगस्त 2013 में कहर बरसाने वाली बारिश से प्रभावित परिवारों व किसानों को राहत प्रदान करने की मांग पर औसु-केरा पंचायत के ग्रामीणों ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश चुनाव समिति के सदस्य पवन गुप्ता के नेतृत्व में डीसी कार्यालय के बाहर राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद अपनी समस्याओं को डीसी यशा मुदगल के सामने रखा।
दोपहर करीब साढ़े 12 बजे ग्रामीणों ने डीसी कार्यालय के बाहर राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बताया कि अगस्त 2013 में कहर बरसा देने वाली बारिश के कारण उनकी पंचायत में कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए थे। कई किसानों की फसलें खेतों में पूरी तरह से नष्ट हो गई थीं। किसानों को कृषि के लिए पानी उपलब्ध करवाने कूल क्षतिग्रस्त हो गए थे। पंचायत में बिजली व्यवस्था पूरी तरह से खराब हो गई थी। आज तक बारिश से प्रभावित परिवारों को सरकार व प्रशासन की तरफ से किसी तरह की राहत नहीं प्रदान की गई है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार अपनी समस्या को प्रशासन के सामने रख चुके हैं, लेकिन किसी ने समस्या को गंभीरता से लेकर किसी तरह के कदम नहीं उठाए हैं। उनकी मांग है कि प्रशासन उनके पंचायत का सर्वे करवाकर नुकसान का जायजा ले और सरकार से राहत उपलब्ध करवाए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो सभी सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन तेज करने को मजबूर हो जाएंगे। ग्रामीणों की पूरी बात सुनने के बाद डीसी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जल्द नुकसान की जानकारी हासिल की जाएगी। इस मौके पर प्रदर्शन के दौरान हंसराज नमी, अनिल अरोड़ा, रोहित सेठी, संजीव शर्मा, बोधराज शर्मा, मोहन लाल शर्मा, गिरधारी लाल आदि मौजूद रहे।