उधमपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रेहंबल थाना क्षेत्र के टिकरी इलाके में सोमवार सुबह स्कूल जा रही एक आठ साल की बच्ची का अपहरण कर लिया गया। हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए महज दो घंटे के भीतर बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया।
उधमपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रेहंबल थाना क्षेत्र के टिकरी इलाके में सोमवार सुबह स्कूल जा रही एक आठ साल की बच्ची का अपहरण कर लिया गया। हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए महज दो घंटे के भीतर बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया। मामले में पुलिस ने एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अपहरण की साजिश रचने वाली महिला कोई और नहीं बल्कि बच्ची की सगी मां है।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह आठ वर्षीय बच्ची रोज की तरह स्कूल जा रही थी। तभी रास्ते में कुछ लोगों ने उसे जबरन एक ऑल्टो कार में बैठा लिया। वहां मौजूद लोग जब तक कुछ समझ पाते, आरोपी कार लेकर तेजी से फरार हो गए। चश्मदीदों ने तुरंत इसकी जानकारी बच्ची के परिवार और टिकरी पुलिस को दी। इसके बाद बच्ची के पिता ने रेहंबल थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने बिछाया जाल
वारदात की खबर मिलते ही पुलिस महकमा अलर्ट हो गया। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर परषोतम शर्मा और टिकरी चौकी प्रभारी पीएसआई रिदम शर्मा के नेतृत्व में तुरंत नाकाबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। अपहरणकर्ता बच्ची को लेकर नेशनल हाईवे से बट्टल वालियां के रास्ते धार रोड होते हुए प्रदेश से बाहर भागने की फिराक में थे। रेहंबल पुलिस ने धार रोड पर तैनात मनवाल और मजालता पुलिस को भी सतर्क कर दिया। जैसे ही संदिग्ध ऑल्टो कार (एचपी64ए-9928) मजालता थाना क्षेत्र के बट्टल स्थित खून इलाके में पहुंची, पुलिस ने उसे रोक लिया। पुलिस ने कार से बच्ची को सही-सलामत छुड़ा लिया और कार में सवार तीन लोगों को दबोच लिया। आरोपियों की पहचान गंजा सिंह (रामबन), रीता देवी, दीप राम (सोलन, हिमाचल प्रदेश) के रूप में हुई है।
विज्ञापन
घरेलू विवाद से जुड़ा लगता है मामला
सूत्रों के अनुसार, यह पूरा मामला घरेलू विवाद से जुड़ा लगता है। बताया जा रहा है कि बच्ची की मां (रीता देवी) ने हिमाचल प्रदेश में दूसरी शादी कर ली थी। पिछले 6 साल से बच्ची अपने पिता के साथ ही रह रही थी। दोनों पति-पत्नी के बीच तलाक हुआ है या नहीं, या फिर बच्ची की कस्टडी का मामला कोर्ट में है या नहीं, पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपियों को टिकरी पुलिस के हवाले कर दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।