उधमपुर। जिले में कोरोना वैक्सीन लगाने की प्रक्रिया में बुधवार को भी तेजी देखी गई। शहर व ग्रामीण इलाकों में शाम तक कुल 4941 लोगों ने वैक्सीन लगवाई है। वैक्सीन लगवाने वाले ज्यादातर लोग 18 से 44 आयु वर्ग के हैं। इनको सुबह से दोपहर तक कतारों में लगाकर वैक्सीन लगाने के लिए इंतजार करते देखा जा रहा है। वैक्सीन लगवाने लोगों की संख्या में बढ़ोतरी होने पर प्रशासन को भी बहुत ज्यादा राहत मिल रही है।
करीब तीन दिन से जिले में कोरोना वैक्सीन लगवाने लोगों की संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। जबकि इससे पहले लगातार इनकी संख्या में गिरावट हो रही है। करीब सप्ताह तक हर रोज 300 से कम लोग ही वैक्सीन लगवा रहे थे। लेकिन 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों के लिए वैक्सीन की प्रक्रिया शुरू होने के बाद इनकी संख्या में अचानक से बढ़ोतरी हो गई है।
मंगलवार को जिले में साढ़े पांच हजार से अधिक लोगों ने वैक्सीन लगवाइ थी। बुधवार को इनकी संख्या 4941 रही है। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में चार स्वास्थ्य कर्मचारियों ने दूसरी, एक फ्रंट लाइन वर्कर्स ने पहली और 13 ने दूसरी डोज, 18 से 44 आयु वर्ग में सबसे अधिक 4387 लोगों ने वैक्सीन की पहली डोज लगवाई है। 45 से 60 आयु वर्ग में 307 ने पहली और 96 ने दूसरी डोज लगवाई है। इसके साथ 68 वरिष्ठ नागरिकों ने पहली और 65 ने दूसरी डोज लगवाई है।