उधमपुर। जिले के शहर व ग्रामीण इलाकों में बुधवार को कुल 4890 लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई है। इनमें सबसे अधिक 18 से 45 आयु वर्ग के 4512 लोगों को वैक्सीन लगाई है। शहर के साथ ग्रामीण इलाकों में भी सैकड़ों की संख्या में दुकानदार, बारबर व अन्य व्यवसाय के जुड़े लोग वैक्सीन लगाने के लिए बनाए केंद्रों में पहुंच रहे हैं। वहीं वैक्सीन लगवाने वाले वरिष्ठ नागरिक और 45 से 60 आयु वर्ग के लोगों की संख्या में गिरावट हो गई है।
18 से 45 आयु वर्ग के लिए सरकार की तरफ से मंगलवार को बड़े पैमाने पर वैक्सीन लगाने के लिए अभियान की शुरूआत की गई है। इसके लिए जिले के शहर व ग्रामीण इलाकों में कुल 25 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें सुबह से शाम तक वैक्सीन लगाने का काम स्वास्थ्य विभाग की टीमें कर रही है। मंगलवार को पहले दिन 3500 से अधिक दुकानदारों व अन्य व्यवसाय से जुड़े लोगों ने वैक्सीन लगवाई थी। बुधवार को इनकी संख्या में और भी बढ़ोतरी हुई है। 10 से 45 आयु वर्ग में शाम तक जिले में कुल 4512 लोगों ने वैक्सीन लगवाई है।
वैक्सीन लगवाने वालों में 2671 दुकानदार, 173 ढाबा मालिक व कर्मचारी, 151 होटल के वेटर व अन्य स्टाफ, 145 रेहड़ी व फड़ीवाले, 85 बारबर, 113 मैकेनिक, 507 चालक व कंडक्टर, नौ मीडियाकर्मी, 232 कॉलेज व यूनिवर्सिटी का स्टाफ, 120 कोविड ड्यूटी के लिए नियुक्त किया गया स्टाफ, 214 मजदूर, 31 सुरक्षाकर्मी शामिल हैं। इनकी संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। ग्रामीण इलाकों में भी वैक्सीन लगवाने के लिए सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। रामनगर, चिनैनी, मजालता, पंचैरी, मोंगरी, बसंतगढ़, डुडु व अन्य ग्रामीण इलाकों में लोग उत्साह के साथ वैक्सीन लगवाने के लिए पहुंच रहे हैं। शहर के अंदर भी वैक्सीन लगवाने के लिए लंबी कतारें लग रही है। शाम तक कुल 4890 लोगों ने वैक्सीन लगवाई है। दो फ्रंट लाइन वर्कर्स ने पहली और एक ने दूसरी डोज लगवाई है। 28 फ्रंट लाइन वर्कर्स ने पहली डोज लगवाई है। 45 से 60 आयु वर्ग के 248 लोगों ने पहली डोज लगवाई है। 99 वरिष्ठ नागरिकों ने पहली डोज लगवाई है।