उधमपुर। आईटीबीपी की 15वीं वाहिनी की ओर से ब्लाक जगानू में चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस मौके पर 450 लोगों के स्वास्थ्य की जांच करने के साथ ही कोविड किट वितरित की गई। शिविर का शुभारंभ पंचायत सदस्यों ने किया। उप कमांडेंट अजय शर्मा, एसएमओ डॉ. मोहम्मद हुसैन और जीडीएमओ डॉ. परमिंद्र कौर की देखरेख में आयोजित शिविर सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत लगाया गया। इसमें लगभग 450 लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर उचित परामर्श दिया गया। इस दौरान ग्रामीणों और विद्यार्थियों को 1100 मास्क, सेनिटाइजर, साबुन और दस्ताने भी वितरित किए। शिविर में आईटीबीपी अधिकारियों ने ग्रामीणों को स्वस्थ रहने और बीमारियों से बचने के लिए जागरूक किया। पंच राकेश कुमार ने आईटीबीपी की 15वीं वाहिनी से भविष्य में भी इस प्रकार का स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने का आग्रह किया।