उधमपुर। यात्री वाहनों की आवाजाही लगातार तीसरे दिन भी बंद रहने पर यात्रियों के साथ ट्रांसपोर्टर भी परेशान हो चुके हैं। मेटाडोर, टैंपो, आटो, बसों के चालकों का कहना है कि वाहनों की आवाजाही बंद रहने के कारण उनके लिए अपने परिवार की जरूरतों को पूरा करना मुश्किल होने लगा है। अगर जल्द वाहनों की चलाने की अनुमति नहीं मिली तो आने वाले दिनों में परेशानी दुगनी हो जाएगी।
सोमवार से पूरे जिले में ट्रांसपोर्ट का काम पूरी तरह से ठप्प है। मेटाडोर स्टैंड तीन दिन से वीरान पड़ा है और बस अड्डा पर बसें बेकार खड़ी हैं। वाहन न चलने के कारण हर रोज लोग परेशान हो रहे हैं और पैदल सफर करने को मजबूर भी हैं। वहीं वाहनों के बंद रहने के कारण ट्रांसपोर्ट कारोबार बुरी तरह से प्रभावित है। चालकों का कहना है कि हर रोज वाहन चलाकर दिहाड़ी लगाकर कर अपने परिवार की जरूरतों को पूरा करते हैं। सोमवार से सबने एक रुपये की भी कमाई नहीं की है। उनके साथ ही मालिकों का भी नुकसान हो रहा है। मालिकों ने लोन लेकर यात्री वाहन खरीदें हैं। रोज कमाई होने के बाद ही लोन की किश्त का प्रबंध होता है, लेकिन तीन दिन काम न होने के कारण हजारों का नुकसान हो रहा है। इसके अलावा अब तो गाड़ी मरम्मत का खर्च निकालना भी मुश्किल लग रहा है। अगर ऐसे ही हालात अगले कुछ दिन बने रहते हैं तो उनके लिए तो भूखे रहने की नौबत आ जाएगी। उनकी सरकार व प्रशासन से अपील है कि उनको वाहन चलाने की इजाजत दी जाए।