महामाई के रंग में रंगी देविकानगरी
नवरात्र कल से, अंतिम चरण में पहुंचा मंदिरों के सजावट का काम, व्रत के सामान की बिक्री बढ़ी
अमर उजाला ब्यूरो
उधमपुर। नवरात्र के लिए शहर के विभिन्न हिस्सों में मंदिरों की सजावट का काम अंतिम चरण में है। कई स्थानों पर लोग नवरात्र के दौरान निकाले जाने वाली छड़ी यात्रा की तैयारियों में भी जुटे हुए हैं। इसकी वजह से देविका नगरी महामाई के रंग में रंगती नजर आ रही है।
अध्यात्म के हिसाब से पूरे राज्य में उधमपुर अपनी खास पहचान रखता है। जब भी कोई अध्यात्मिक पर्व होता है तो देविकानगरी का रंग अनोखा दिखाई देता है। कुछ ऐसा ही शनिवार से शुरू हो रहे नवरात्र के दौरान भी देखने को मिलेगा। नवरात्र को ध्यान में रखते हुए देविका नदी के तट पर स्थित मंदिरों को विशेष तौर पर सजाया गया है, जहां कल शनिवार को पहले नवरात्र पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का स्नान करने व पूजा अर्चना के लिए तांता लग जाएगा। इसी तरह शहर के टी मोड़ इलाके में स्थित प्रसिद्ध काली माता मंदिर में भी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के हर तरह के प्रबंध किए जा रहे हैं। शारदा माता, चौंतरा माता और पिंगला माता के लिए निकाले जाने वाली छड़ी यात्रा की तैयारियां जोरों से चल रही है। इसके अलावा ग्रामीण इलाकों में स्थित मंदिरों को भी विशेष तौर पर सजाया गया है। नवरात्र की पूर्व संध्या पर ही शुक्रवार शाम के समय ही श्रद्धालुओं का मंदिर में पहुंचना शुरू हो जाएगा।
व्रत की सामग्री खरीदने में श्रद्धालु
नवरात्र के व्रत को लेकर भी दिन भर श्रद्धालुओं ने तैयारी की। काफी संख्या में शहरवासी व्रत का सामान खरीदने बाजार में पहुंचे थे। शाम के समय व्रत के सामान के साथ ही फलों की भी खूब बिक्री हुई हैै। शाम के समय बाजार में ज्यादा भीड़ नजर आई।
मंदिरों में होंगे सुरक्षा के कड़े प्रबंध
लोकसभा चुुनाव को ध्यान में रखते हुए इस बार पहले पहले नवरात्र पर मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जाएगी। प्रशासन ने पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि मंदिर परिसर और आसपास में सुरक्षा के कड़े प्रबंध रखे जाएं।