किश्तवाड़। प्रदेश सहित जिले में फिर से कोरोना संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी होने लगी है। रविवार को दूसरे राज्यों से लौटे 16 लोग संक्रमित मिले हैं। इनमें अधिकतर पन बिजली पावर प्रोजेक्ट के कर्मचारी और सीआरपीएफ के जवान हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर रविंद्र सिंह मन्हास ने बताया कि यह सभी मामले आरटीपीसी टेस्ट में सामने आए हैं। इनमें दो जिला अस्पताल, सीआरपीएफ, पटेल कंपनी (क्वाड़ पन बिजली परियोजना कर्मचारी) और डंगडीरू बांध साइट पक्कल डूल पन बिजली परियोजना के कर्मचारी हैं। उन्होंने बताया कि जिले में सोमवार से सख्ती से कानून लागू होगा। हर किसी को मास्क लगाना अनिवार्य रहेगा। नियमों की अनदेखी करने वालों से जुर्माना वसूला जाएगा। जिले में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 5756 पहुंच गया है, जिनमें से 2717 स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं, संक्रमण के चलते 22 लोगों की मौत हो चुकी है।