डीसी ने की तैयारियों की समीक्षा की, वाहन चालकों के बीच जागरूकता बढ़ाने के निर्देश
नगर परिषद को वाहनों के जरिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने की जिम्मेदारी सौंपी
संवाद न्यूज एजेंसी
किश्तवाड़। जिले में आगामी 28, 29 और 30 जून को पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। उपायुक्त पंकज कुमार शर्मा ने तैयारियों की समीक्षा बैठक करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक मिलना सुनिश्चित की जाए। अभियान के लिए जिले में 370 बूथ बनाए गए हैं।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय भट्ट ने बताया कि जिले में पोलियो वैक्सीन पहुंच चुकी है और इसे सुरक्षित कोल्ड चेन केंद्रों में रखा गया है। इस तीन दिवसीय राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने के लिए कुल 1,480 अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने एआरटीओ को बस स्टैंड किश्तवाड़, गुलाबगढ़ और छात्रू जैसे प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर विशेष पोलियो बूथ स्थापित करने के लिए कहा। साथ ही वाहन चालकों और परिचालकों के बीच जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए।
जनता तक जानकारी पहुंचाने के लिए नगर परिषद को वाहनों के जरिए और सूचना विभाग को सोशल मीडिया, प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उपायुक्त ने अभियान में आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कर्मियों, शिक्षकों, स्वयंसेवी संगठनों और धार्मिक नेताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया है।