सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम, पहला पेपर अंग्रेजी का होगा
उधमपुर। जम्मू-कश्मीर बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन (जेकेबोस) की 12वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाएं सोमवार से शुरू हो रही हैं। जिले में कड़ी सुरक्षा के बीच 36 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें 3480 छात्र परीक्षा देंगे।
प्रशासन की ओर से सभी स्कूलों और पुलिस विभाग को निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि परीक्षाएं शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न करवाई जा सकें। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। सोमवार को पहली परीक्षा अंग्रेजी विषय की होगी, जिसके लिए छात्र तैयारी में जुटे हैं। छात्रों में परीक्षा को लेकर उत्साह और उम्मीद का माहौल देखने को मिल रहा है। परीक्षाएं 23 फरवरी से शुरू होकर 28 मार्च तक चलेंगी। हर विषय की तैयारी के लिए छात्रों को तीन से चार दिन का अवकाश मिला है। परीक्षाओं के लिए शिक्षा विभाग ने अधिकारियों को सख्त निगरानी और बेहतर व्यवस्थाएं बनाए रखने को कहा है।
आज के समय में अंग्रेजी भाषा का ज्ञान बहुत जरूरी है, क्योंकि अधिकतर कार्य अंग्रेजी भाषा में ही होते हैं। छात्र अधिकतर गलतियां व्याकरण में करते हैं इसलिए उन्हें ग्रामर पर विशेष ध्यान देना चाहिए। दो-तीन अंक के प्रश्न में बच्चे तुक्का लगा देते हैं जिस कारण अंक कम होने की आशंका बनी रहती है। समझ कर प्रश्न का जवाब देने से और साफ लिखाई से परीक्षक का ध्यान आकर्षित होता हैं।
- रीता देवी, शिक्षिका।
पूरे सिलेबस की अच्छी तरह से रिवीजन करने और विषय को समझकर लिखने से अच्छे अंक प्राप्त किए जा सकते हैं। किसी प्रकार का कोई दबाव न लें। जो प्रश्न पूरी तरह से आते हो उन्हें ही सबसे पहले लिखें। इससे समय की बचत होती है। आत्मविश्वास बनाए रखें और समय प्रबंधन के साथ प्रश्नपत्र हल करें, ताकि बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकें।
-संदाेखू राम, शिक्षक।
इन केंद्रों में इतने बच्चे देंगे परीक्षा
उधमपुर के 22 केंद्रों पर 2,481 छात्र
रामनगर में 8 केंद्रों पर 606 छात्र
मजालता में 6 केंद्रों पर 393 छात्र