उधमपुर। जिले में सोमवार को बाहरी राज्य से लौटे एक व्यक्ति सहित दस लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं, जबकि 31 लोग संक्रमण को मात देने में कामयाब रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार आ रही गिरावट से जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को बहुत ज्यादा राहत मिल रही है।
कोरोना के मामलों में लगातार गिरावट हो रही है। करीब दो सप्ताह से हर रोज 20 से कम मामले सामने आ रह है। कोरोना को मात देने वाले लोगों की संख्या बढ़ने पर सक्रिय मामले लगातार कम हो रहे हैं। जिला उधमपुर अब कोरोना संकट से बाहर निकलने की तरफ बढ़ रहा है। रविवार को जिले में कुल नौ लोग कोरोना संक्रमित पाए गए थे, जबकि 24 लोगों ने कोरोना को मात दी थी। सोमवार को कुल दस लोग कोरोना संक्रमित पाए और 31 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। मेडिकल ब्लॉक चिनैनी में चार, रामनगर में चार, बसंतगढ़ में दो लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
बसंतगढ़, मजालता, पंचैरी और शहर के अंदर कोई संक्रमित नहीं पाया गया है। शहर में मामले सामने नहीं आने के बाद शहरवासी भी काफी राहत महसूस कर रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 11091 हो गए हैं। इनमें से 10847 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं। 131 की सक्रमण से मौत हो चुकी है और अब जिले में सक्रिय मामले 113 रह गए हैं।