जम्मू कश्मीर में आतंकियों की दहशत ने कठुआ जिले को फिर से सन्न कर दिया। हीरानगर तहसील की ढल्ली पंचायत के गांव चजर्थ में शनिवार को सेना की वर्दी में तीन संदिग्ध देखे जाने से सनसनी मच गई।
दहशत का उस समय पारावार न रहा, जब आतंकियों द्वारा स्कूली बच्चों को बंधक बनाए जाने की खबर जंगल में आग की तरह फैली।
आनन-फानन में जम्मू-पठानकोट नेशनल हाईवे को सील कर दिया गया। स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया।
सैकड़ों की तादाद में सुरक्षा बलों ने स्कूल को घेर कर तलाशी अभियान चलाया। घंटों सर्च के बावजूद संदिग्ध आतंकियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया। देर शाम तक पुलिस और सीआरपीएफ का संयुक्त तलाशी अभियान जारी था।
मीडिया से मुखातिब डीआईजी शकील अहमद बेग ने कहा कि पूरा इलाका खंगालने के बावजूद कथित आतंकियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
आतंकी हमले के बाद से लोगों में दहशत स्वाभाविक है, लेकिन उन्हें सुरक्षा व्यवस्था पर भरोसा रखना होगा। पुलिस हर सूचना को गंभीरता से लेकर त्वरित कार्रवाई कर रही है। शनिवार को सूचना मिलते ही 15 मिनट के भीतर पुलिस टीम स्कूल पर पहुंच गई।