उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के मच्छैल सेक्टर में एलओसी पर बीएसएफ ने एक आतंकी को मार गिराया। इस दौरान मुठभेड़ में एक अधिकारी सहित तीन जवान शहीद हो गए। इलाके में अब भी सर्च आपरेशन जारी है।
जानकारी के अनुसार इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर सोमवार को बीएसएफ तथा सेना ने सर्च आपरेशन चलाया। घेरा कड़ा होता देख आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग शुरू कर दी। इस पर दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गई। दूसरी ओर से फायरिंग थमने पर पाया गया कि एक आतंकी ढेर हो गया है।
उसके पास से हथियार और भारी मात्रा में गोला बारूद बरामद किया गया। फायरिंग में दो जवान मौके पर ही शहीद हो गए जबकि सुरक्षा बलों के पांच जवान घायल हो गए। घायलों में तीन बीएसएफ तथा दो सेना के जवान रहे। इसमें एक बीएसएफ जवान की बाद में मौत हो गई।
सैन्य प्रवक्ता ने बताया कि शहीद होने वालों में बीएसएफ के सब इंस्पेक्टर मोहिंदर यादव, हेड कांस्टेबल सीपी सिंह तथा कांस्टेबल बाबू शान शामिल हैं। इलाके में और आतंकियों के छिपे होने की आशंका में सर्च आपरेशन चलाया जा रहा है।