दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले के लिलहार में सोमवार को उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब आतंकियों की धरपकड़ के लिए गए सुरक्षाबलों पर स्थानीय लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस को लाठियां चलानी पड़ी और आंसू गैस के गोले भी दागने पड़े।
हिंसक झड़पों के दौरान करीब 6 लोगों के घायल होने की खबर है। सूत्रों के अनुसार स्थिति का फायदा उठाते हुए आतंकी बच निकलने में कामयाब रहे।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को जानकारी मिली थी कि लिलहार में लश्कर व हिजबुल मुजाहिदीन के तीन आतंकी देखे गए हैं। तुरंत सुरक्षा बलों ने घेराबंदी शुरू कर दी। इस बीच स्थानीय लोगों ने पथराव शुरू कर दिया और आजादी के हक में नारे लगाए।
एसपी पुलवामा रईस अहमद ने बताया कि गांव में एहतियातन तलाशी अभियान चलाया गया था। सुरक्षाबलों ने कुछ संदिग्ध मकानों की तलाशी ली और जब वहां उन्हें कुछ नहीं मिला तो वह वापस लौटे। इसी दौरान वहां कुछ लोगों ने सुरक्षाबलों पर पथराव कर दिया।