उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा इलाके में 10 घंटे से अधिक समय तक चली मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने लश्कर के दो पाकिस्तानी आतंकियों को ढेर कर दिया। उनके पास से दो एके-47, छह एके मैगजीन, चार यूबीजीएल, 46 एके राउंड्स, दो रेडियो सेट, दो मैप, दो पाउच और एक डायरी बरामद हुई है।
इलाके में कुछ और आतंकियों के मौजूद होने की आशंका के चलते देर शाम तक सर्च ऑपरेशन जारी था। मौसम खराब होने से आपरेशन में थोड़ी दिक्कतें आ रहीं हैं। सुरक्षा बलों को हंदवाड़ा के वडरबाला इलाके में कुछ आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी।
सैन्य सूत्रों के मुताबिक इस पर कार्रवाई करते हुए सेना की 21 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर), जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) और सीआरपीएफ के जवानों ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया।
हंदवाड़ा के एसपी गुलाम जिलानी ने बताया कि वीरवार देर रात को सर्च आपरेशन शुरू किया गया था। इस दौरान एक मकान में छिपे आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर गोलाबारी शुरू कर दी।
जवानों ने मोर्चा संभालते हुए आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब दिया। देर तक दोनों ओर से फायरिंग जारी रही। इस दौरान शुक्रवार तड़के दो विदेशी आतंकियों को मार गिराया गया। जिलानी के अनुसार आतंकियों से जो बरामदगी हुई है, उससे पता चलता है कि वह लश्कर-ए-तैयबा से संबंधित थे।