जम्मू और कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने रविवार को कहा कि जेड-मोड़ टनल के उद्घाटन से सोनमर्ग रिसॉर्ट के विकास में मदद मिलेगी और यह गुलमर्ग की तरह एक विंटर स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन बन सकेगा। उमर अब्दुल्ला ने गुलमर्ग में पत्रकारों से बातचीत में कहा कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जेड-मोड़ टनल का उद्घाटन करेंगे जो सोनमर्ग को एक विंटर स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने का मार्ग प्रशस्त करेगा।
प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटन किए जाने वाली 6.5 किलोमीटर लंबी जेड-मोड़ टनल जो सोनमर्ग को पूरे साल खुला रखेगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अगले पांच वर्षों में सरकार सोनमर्ग को गुलमर्ग की तरह विंटर स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के लिए पूरी कोशिश करेगी।
उमर अब्दुल्ला गुलमर्ग में विंटर स्पोर्ट्स गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए पहुंचे थे। कहा अगर यहां और पर्यटक आएंगे, तो इसका मतलब होगा स्थानीय लोगों की आय में वृद्धि, चाहे वे स्की गाइड हों, स्की प्रशिक्षक, स्लेज ऑपरेटर, एटीवी और स्नोमोबाइल ऑपरेटर हों, या छोटे व्यवसाय जैसे रेस्टोरेंट और ढाबे। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इस साल फरवरी में गुलमर्ग में खेलो इंडिया विंटर गेम्स आयोजित होंगे और केंद्र शासित प्रदेश इस कार्यक्रम की मेजबानी के लिए तैयारी कर रहा है।
जब उनसे पूछा गया कि क्या गुलमर्ग अंतरराष्ट्रीय विंटर स्पोर्ट्स इवेंट का आयोजन करने के लिए तैयार है, तो उन्होंने कहा हम अभी इसके बारे में नहीं सोच सकते। हमारी ढलानें अभी उस स्तर की नहीं हैं। हमें अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों की मेजबानी से पहले अपनी ढलानों को बेहतर बनाना होगा।