दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले की लारनू सीट पर हुए जिला विकास परिषद चुनाव में शुक्रवार को दोबारा मतगणना हुई। जिला पंचायत चुनाव अधिकारी अनंतनाग अंशुल गर्ग ने चुनाव में सात वोटों से पराजित साजिदा बेगम की दोबारा गिनती कराने की अपील के बाद यह आदेश जारी किए हैं।
डीपीईओ अंशुल गर्ग ने जारी किये एक निर्देश में कहा कि डीडीसी चुनाव क्षेत्र लारनू के लिए वोटों की मतगणना पांच फरवरी को सुबह 11 बजे डाक बंगला खन्नाबल के ग्राउंड फ्लोर में स्थित कांफ्रेंस हॉल में हुई। आदेश के अनुसार मतगणना प्रक्रिया निगरानी के लिए एक नोडल अधिकारी भी तैनात रहे।
गौरतलब है कि डीडीसी चुनावों के प्रथम चरण में 28 नवंबर 2020 को यहां मतदान हुए थे। मतगणना 22 दिसंबर को हुई थी जिसमें पीडीपी की खालिदा बीबी को विजेता घोषित किया गया था और निर्दलीय उम्मीदवार साजिदा बेगम महज सात वोटों से पराजित हो गई थीं।
साजिदा बेगम ने चुनाव परिणाम के खिलाफ 7 जनवरी को अतिरिक्त आयुक्त बिलाल अहमद भट के समक्ष दोबारा मतगणना कराने की अपील की थी। उन्होंने सुनवाई के बाद सक्षम पदाधिकारी डीपीईओ अंशुल गर्ग को दोबारा गिनती कराने के आदेश 2 फरवरी को दिए थे।