श्रीनगर। माछिल सेक्टर में रविवार को मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए सेना के तीन जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। मद्रास रेजिमेंट के शहीद कैप्टन आशुतोष कुमार, हवलदार सीएच प्रवीण कुमार और सिपाही रयादा महेश्वर को सेना की 15 कोर के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल बीएस राजू ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद शहीदों के पार्थिव शरीर उनके घरों के लिए रवाना कर दिए गए। इस अवसर पर जम्मू-कश्मीर पुलिस, सीआरपीएफ़ और सेना के अलावा अन्य सुरक्षा एजेंसियों व सिविल प्रशासन के आला अधिकारी मौजूद रहे।
सेना के प्रवक्ता ने बताया कि 8 नवंबर को कुपवाड़ा जिले के माछिल सेक्टर में एलओसी के पास कैप्टन आशुतोष कुमार सर्च पार्टी का नेतृत्व कर रहे थे। इस दौरान मुठभेड़ में दो आतंकियों को मार गिराया, लेकिन कैप्टन आशुतोष कुमार, हवलदार सीएच प्रवीण कुमार और सिपाही रयादा महेश्वर शहीद हो गए। उन्होंने बताया कि इस ऑपरेशन में बीएसएफ के कांस्टेबल सुदीप सरकार को भी श्रद्धांजलि दी गई। सुदीप ने एक आतंकी को मार गिराया था।
प्रवक्ता के मुताबिक शहीद कैप्टन आशुतोष कुमार (24) 9 जून 2018 को सेना में शामिल हुए थे। वह सैनिक स्कूल भुवनेश्वर और नेशनल डिफेंस अकादमी खड़कवसला के छात्र रह चुके थे। बिहार के जिला मधेपुरा की घेलगढ़ तहसील के परमानपुर गांव के रहने वाले थे। वहीं शहीद हवलदार सीएच प्रवीण कुमार (36) 2003 में सेना में भर्ती हुए थे। वह आंध्रा प्रदेश के चित्तौड़ जिला के रेड्डीवारीपल्ले गांव के रहने वाले थे और अब उनके परिवार में उनकी पत्नी और एक बेटा-बेटी हैं। शहीद सिपाही रयादा महेश्वर (25) 2014 में सेना में भर्ती हुए थे। वह तेलंगाना के निजामाबाद जिले की वेलपुर तहसील के कोमानपल्ले गांव के रहने वाले थे।