पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने अपनी पार्टी के नेता और आदिवासी अधिकार कार्यकर्ता तालिब चौधरी की गिरफ्तारी पर नाराजगी जताते हुए उनकी तत्काल रिहाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई गुज्जर-बकरवाल समुदाय के लिए गलत और नकारात्मक संदेश देती है।
विज्ञापन
महबूबा मुफ्ती ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि तालिब चौधरी को गरीब और हाशिए पर पड़े आदिवासी समुदाय के अधिकारों के लिए आवाज उठाने के कारण जेल में डाला गया है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। तालिब चौधरी को एक जून को जम्मू केसिद्धड़ा इलाके में इस साल मई में हुए एक अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान प्रदर्शन और झड़पों के बाद गिरफ्तार किया गया था।
महबूबा मुफ्ती ने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन को अपराध की तरह देखना गलत है और इससे गुज्जर-बकरवाल समुदाय में गलत संदेश जा रहा है, जो हमेशा देश के साथ खड़ा रहा है। उन्होंने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और जम्मू-कश्मीर पुलिस से अपील की कि तालिब चौधरी को जल्द से जल्द रिहा किया जाए।