द्रास के गुमरी इलाके में सोनमर्ग से कारगिल जा रही जाइलो नदी में गिरने से दो यात्रियों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने चालक की लापरवाही के कारण मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लद्दाख के कारगिल जिले के द्रास क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा देर रात उस समय हुआ जब एक जाइलो वाहन सोनमर्ग से कारगिल की ओर जा रहा था।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, वाहन संख्या JK02 BC 5894 शुक्रवार रात करीब 3:30 बजे द्रास के गुमरी इलाके में स्थित शैतान नाला मोड़ के पास अनियंत्रित होकर करीब 400 फीट गहरी खाई में गिरकर नदी में जा समाया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन में सवार दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
विज्ञापन
हादसे के तुरंत बाद भारतीय सेना और लद्दाख पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और सभी घायलों को नदी से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए द्रास उप-जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि सभी यात्री बाहरी राज्यों से थे और दुर्घटना का कारण चालक की लापरवाही बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और एफआईआर संख्या 58/2025 के तहत धारा 281 और 225(ए) बीएनएस में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।