बडगाम जिले में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सेना की 53 राष्ट्रीय राइफल्स के साथ मिलकर चलाए गए एक साझे ऑपरेशन में आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के तीन समर्थकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार तीनों की शिनाख्त नारबल के आदिल अहमद डार, ताहिर अहमद भट और कावूसा खलिसा के गुलाम मोहम्मद गोजरी के तौर पर हुई है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह तीनों ओजीडब्ल्यू जिले के मागाम, नारबल और बीरवाह इलाके में आतंकियों को रहने, खाने-पीने आदि की मदद के साथ-साथ हथियारों को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने में मदद करते थे। यह तीनों सोशल मीडिया के जरिये पाकिस्तान में बैठे आतंकी कमांडरों के साथ संपर्क में थे। इसके अलावा यह बात भी सामने आई है कि वह लश्कर-ए-तैयबा कमांडर यूसुफ डार उर्फ कांटरू और अबरार नदीम भट के भी संपर्क में थे। इनके पास से गोला बारूद और लश्कर के पोस्टरों के अलावा कुछ और आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई है।