तोताघाटी-कौड़ियाला के बीच सड़क पर पलटी बस
- फोटो : amar ujala.
बदरीनाथ हाईवे पर बृहस्पतिवार शाम तोताघाटी-कौड़ियाला के समीप एक बस के सड़क पर पलटने से उसमें सवार 14 लोग घायल हो गए। दुर्घटना का कारण बस के ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। गनीमत यह रही कि ब्रेक फेल होने का आभास होते ही बस चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को पहाड़ी की ओर मोड़ दिया, जिससे बस सड़क पर ही पलट गई।
अन्यथा बस खाई में गिरने पर बड़ा हादसा हो सकता था। दुर्घटना में चोटिल लोगों को 108 वाहन से इलाज के लिए ऋषिकेश भेजा गया है। जानकारी के मुताबिक बृहस्पतिवार शाम लगभग चार बजे श्रीनगर से ऋषिकेश की ओर जा रही बस कौड़ियाला से सात किमी पहले तोताघाटी की तेज ढलान में पलट गई। बस के पलटते ही चीख पुकार मच गई।
लोग किसी तरह से बस से बाहर निकले। दुर्घटना में तीन लोगों को ज्यादा चोटें आई, जबकि 11 सवारियों को मामूली खरोंचे आई। बस चालक राकेश चंद्र निवासी आईटीआई मुहल्ला कर्णप्रयाग ने बताया कि ढलान में अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए। सड़क के बायीं ओर गहरी खाई थी और दांयी ओर पहाड़ी। बस को खाई में गिरने से बचाने के लिए उसने बस को पहाड़ी से टकरा दिया।
प्रत्यक्षदर्शी गौरव पंचभैया ने बताया कि यदि चालक बस को पहाड़ी पर नहीं टकराता तो बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस उप निरीक्षक मदन सिंह ने बताया कि बस पलटने से लगभग एक घंटे तक हाईवे पर यातायात बाधित रहा। बस को क्रेन की मदद से हटाकर वाहनों का आवागमन चालू कराया गया।a