- मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य के पास, सर्द हवा से छूट रही कंपकंपी
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। घाटी में सर्दी का सितम लगातार बढ़ता जा रहा है। रात के समय कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। अधिकांश पर्यटन स्थलों और मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य के पास बना हुआ है। रविवार को खली धूप ने दी थोड़ी राहत दी, वहीं सर्द हवा से कंपकंपी छूटती रही।
मौसम विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में रविवार को अधिकतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान 0.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.1 डिग्री कम दर्ज किया गया। घाटी के प्रवेश द्वार काजीगुंड में अधिकतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस, सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक और न्यूनतम तापमान 0.0 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य है।
दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में दिन का अधिकतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक है, जबकि रात का पारा माइनस 2.0 डिग्री (सामान्य से 0.1 डिग्री कम) रहा। इसी तरह, उत्तरी कश्मीर के विश्व प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में अधिकतम तापमान 10.0 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक) और न्यूनतम तापमान माइनस 2.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक रहा।
सर्दी बढ़ने के साथ ही सुबह और देर शाम को धुंध व कोहरे के कारण दृश्यता भी प्रभावित हो रही है जिससे वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, दिन में धूप खिलने और अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहने के कारण दोपहर के समय लोगों को ठंड से कुछ राहत मिल रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के पूर्वानुमान के अनुसार अगले दो दिनों तक आंशिक रूप से लेकर आमतौर पर बादल छाए रह सकते हैं। विभाग के मुताबिक, 26 नवंबर तक पूरे कश्मीर संभाग में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा और फिलहाल किसी बड़ी मौसमी चेतावनी या भारी बारिश-बर्फबारी के आसार नहीं हैं।