- पानी की जांच के बाद लिया गया फैसला, अगली सूचना तक जल का उपयोग न करने की सलाह
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। मध्य कश्मीर के बडगाम जिले में प्रशासन ने खाग क्षेत्र के तीन प्राकृतिक जल स्रोतों (चश्मों) के पानी को पीने के लिए असुरक्षित घोषित कर दिया है। इसके साथ ही आम लोगों के लिए एडवाइजरी भी जारी की गई है।
अधिकारियों के अनुसार खाग के जरगर मोहल्ला, अप्री बाग और सुगिन इलाकों में स्थित चश्मों के पानी की जांच के बाद यह फैसला लिया गया है। यह रिपोर्ट ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) की जांच पर आधारित है।
यह निष्कर्ष खाग के ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी की जांच रिपोर्ट पर आधारित है। सलाह में कहा गया है कि प्रभावित क्षेत्रों की आम जनता को अगली सूचना तक इन स्रोतों से मिलने वाले पानी का उपयोग केवल धोने और अन्य कार्यों के लिए ही करना चाहिए। अधिकारियों ने सलाह दी है कि अपरिहार्य या अत्यंत गंभीर परिस्थितियों में एहतियाती उपाय के तौर पर इस पानी का सेवन केवल अच्छी तरह उबालने के बाद ही किया जा सकता है।
पीएचई विभाग ने कहा है कि वह प्रभावित जल स्रोतों के स्वतंत्र नमूने लेगा और उनकी जांच करेगा। पानी की गुणवत्ता को बहाल करने और इसे जल्द से जल्द पीने के लिए सुरक्षित बनाने हेतु आवश्यक तकनीकी प्रक्रियाएं और सुधारात्मक उपाय प्राथमिकता के आधार पर किए जाएंगे। सामुदायिक स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए दिशा-निर्देशों का पालन करने में जनता के सहयोग का भी आह्वान किया गया है। स्थानीय प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को भी इस जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के लिए सूचित कर दिया गया है।