कश्मीर घाटी में शुक्रवार दोपहर के बाद शुरू हुई बर्फबारी के चलते कई हाईवे प्रभावित हुए जिनमें श्रीनगर-जम्मू नेशनल हाईवे (एनएच 44) भी शामिल है। सड़कों पर बर्फ जमा होने के कारण फिसलन बढ़ गई जिसके चलते लम्बा ट्रैफिक जाम लग गया। श्रीनगर से जम्मू की ओर जाने वाली गाड़ियों को देर शाम से ही रोक दिया गया था जबकि बर्फबारी के कारण भीषण जाम वाली स्थिति बनी रही जिससे जम्मू से श्रीनगर की ओर आने वाली गाड़ियां भी प्रभावित हुई।
एक अधिकारी ने बताया कि जाम की स्थिति के चलते कई घंटे जाम लगा रहा। श्रीनगर के एक स्थानीय बिलाल पाम्पोरी ने अमर उजाला को बताया कि कई वाहन जो श्रीनगर की ओर जम्मू से आ रहे थे वो काज़ीगुंड के पास करीब 9 किलोमीटर लम्बे टनल में फसे रहे। हम शुक्रवार शाम करीब 7 बजे से फसे हुए थे और लगभग 12 घंटे के बाद शनिवार की सुबह वाहन थोड़ा अपनी जगह से चलना शुरू हुए।
रात भर ठंड में सैंकड़ों यात्री गाड़ियों में ही रात बिताने पर मजबूर हुए।वहीं इस बीच कुछ युवक समय बिताने के लिए टनल की एस्केप ट्यूब में क्रिकेट खेलते दिखे। एक स्थानीय ने कहा एक ही जगह घंटों बैठे से सब तंग आ गए थे। इस बीच कुछ युवक बैट और बॉल लेकर आए और देखते ही देखते खिलाडियों की संख्या बढ़ने लगी। समय बिताने के लिए उन्होंने क्रिकेट खेलना शुरू किया।
इस बीच एसएसपी ट्रैफिक (ग्रामीण) रविंदर पाल सिंह ने कहा कि श्रीनगर-जम्मू नेशनल हाईवे पर बर्फ हटाने का काम तेजी से चल रहा है। हाईवे पर दोनों तरफ यानी श्रीनगर और जम्मू से यातायात निलंबित कर दिया गया है। लेकिन जो गाड़ियां फासी हुई है उनमें से केवल छोटे वाहनों को क्लियर किया जा रहा है। टन्नल के इस ओर करीब 350 बड़ी गाड़ियां फसी हुई हैं। सड़क की हालत और मौसम को देखते हुए बड़ी गाड़ियों को आगे बढ़ने की अनुमति दी जाएगी।