- एसकेआईसीसी में चलाया मेगा सदस्यता अभियान, सत शर्मा, सुनील शर्मा और अशोक कौल ने किया स्वागत
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। जम्मू और कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस, इंडियन नेशनल कांग्रेस, जम्मू और कश्मीर पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी, अपनी पार्टी और अन्य राजनीतिक दलों के कई नेता शनिवार को भाजपा में शामिल हुए। भाजपा ने श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस सेंटर (एसकेआईसीसी) में मेगा सदस्यता अभियान का आयोजन किया।
पार्टी में आए नए लोगों का स्वागत राज्यसभा सदस्य सत शर्मा, नेता विपक्ष सुनील शर्मा और महासचिव अशोक कौल ने किया। साथ ही महासचिव अनवर खान, सचिव आरिफ राजा (प्रोग्राम इंचार्ज) और मुदासिर वानी, सभी सेल के को-कन्वीनर बिलाल पारे और स्टेट और जिले के नेताओं ने भी नए साथियों का स्वागत किया।
पार्टी में शामिल होने वालों में मंजूर अहमद गनी (डीडीसी सदस्य, अरिपाल-पुलवामा), मंशा अख्तर (डीडीसी सदस्य, अचगोजा-पुलवामा), महमूदा अख्तर (डीडीसी सदस्य, शादीमार्ग), दानिश भट (पूर्व पार्षद, श्रीनगर नगर निगम), नजीर गिलकर (पूर्व पार्षद), अल्ताफ मीर (पूर्व बीडीसी चेयरमैन), खालिद राठौर (प्रांतीय अध्यक्ष युवा, अपनी पार्टी जेएंडके), आगा सैयद अब्बास रिजवी (राज्य महासचिव, ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड, पूर्व राज्य सचिव, डीपीएपी), पूर्व बीएमओ डॉ. यासीन उल हुसैन भट, गुलशन बेगम पूर्व एनसी सरपंच, अब्दुल रशीद जरगर (एनसी ब्लॉक अध्यक्ष त्रेहगाम कुपवाड़ा, एजाज अहमद मीर (जिला सचिव पीडीपी श्रीनगर), मंजूर अहमद ठाकुर (जिला उपाध्यक्ष, पीडीपी श्रीनगर), मोहम्मद अशरफ ठाकुर (सचिव पीडीपी श्रीनगर) आदि थे।
सत शर्मा ने कहा कि आज के कार्यक्रम में मिले मजबूत जन सहयोग, लोगों का समर्पण और ईमानदारी से सेवा करने के पार्टी के इरादे को काफी मजबूत करेगा। साथ ही पूरे केंद्र शासित प्रदेश में शांति, स्थिरता और खुशहाली को और आगे बढ़ाएगा।
सुनील शर्मा ने कहा कि वरिष्ठ राजनेताओं और जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं का पार्टी का शामिल होना भाजपा की पॉलिसी और गवर्नेंस मॉडल का एक मजबूत समर्थन है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जमीनी स्तर पर डेमोक्रेसी को मजबूत करने, बराबर विकास सुनिश्चित करने और समाज के हर वर्ग के हितों की रक्षा करने के लिए पार्टी का संकल्प नए जोश के साथ जारी रहेगा।
अशोक कौल ने कहा कि अलग-अलग राजनीतिक पृष्ठभूमि से नेताओं और वर्करों का लगातार आना जम्मू-कश्मीर में भाजपा के बढ़ते संगठनात्मक आधार और विश्वसनियता का संकेत है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पार्टी के डिसिप्लिन्ड कैडर, साफ आइडियोलॉजिकल दिशा और डेवलपमेंट-ओरिएंटेड अप्रोच को लोग तेजी से पहचान रहे हैं।
नए शामिल हुए सदस्यों ने भाजपा के नेतृत्व पर भरोसा जताया और कहा कि वे जम्मू और कश्मीर की तरक्की, शांति और पूरे विकास में पूरे दिल से योगदान देने की लगातार कोशिश करेंगे।