बडगाम में उद्घाटन के दौरान केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया। संवाद
- श्रीनगर पहुंचे केंद्रीय खेलमंत्री, कहा - देश में खेल के ईको सिस्टम में सुधार हुआ है
- ओमपोरा में 30 बिस्तर वाले ईएसआईसी अस्पताल का किया उद्घाटन
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। केंद्रीय खेलमंत्री मनसुख मांडविया ने शुक्रवार को कहा कि वर्ष 2036 तक भारत दुनिया के शीर्ष-10 खेल राष्ट्रों में शामिल हो जाएगा और वर्ष 2047 तक शीर्ष-5 में जगह बना लेगा। मध्य कश्मीर के ओमपोरा में 30 बिस्तर वाले कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) अस्पताल का उद्घाटन करने के बाद मांडविया ने कहा, देश में खेल के ईको सिस्टम में सुधार हुआ है।
उन्होंने कहा कि देश ने वर्ष 2030 में राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी का अधिकार पा लिया है। 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भी बोली लगाई है। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति की सभी मांगों और अपेक्षाओं को पूरा करने की प्रक्रिया चल रही है। देश में फिट इंडिया तथा खेलो इंडिया जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को अवसर मिल रहे हैं।
-
भविष्य में अस्पताल से नर्सिंग
काॅलेज भी जोड़ा जाएगा
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने देश में खेल प्रशासन को बेहतर बनाया है। खेलों को सुव्यवस्थित किया है। युवाओं को खेलों में प्रदर्शन करने का अवसर प्रदान किया जा रहा है। अस्पताल के बारे में बात करते हुए मांडविया ने कहा कि 165 करोड़ रुपये की लागत से बनी यह सुविधा 50,000 से अधिक श्रमिकों और उनके परिवारों की सेवा करेगी। उन्हें मुफ्त इलाज प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस सुविधा में एक नर्सिंग कॉलेज भी जोड़ा जाएगा ताकि जम्मू-कश्मीर के युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा सके।