बांदीपोरा के तुलैल में पानी के लिए प्रदर्शन करती महिलाएं। संवाद
- जल शक्ति विभाग के खिलाफ की नारेबाजी, ग्रामीण बोले- रोजाना मीलों चलकर लाना पड़ता है पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बांदीपोरा। तुलैल घाटी के सरदाब गांव के लोगों ने पीने के पानी की भारी किल्लत के खिलाफ वीरवार को प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने जल शक्ति विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए तुरंत नियमित पानी की सप्लाई बहाल करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बार-बार गुहार लगाने के बावजूद गांव में पीने के पानी का संकट बरकरार है। स्थानीय निवासी रुबीना बानो ने बताया कि महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग घरेलू जरूरतों के लिए रोजाना लंबी दूरी तय कर पानी लाने को मजबूर हैं। इससे लोगों को भारी परेशानी हो रही है। गुस्साए ग्रामीणों ने जल शक्ति विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और अधिकारियों से तुरंत कदम उठाने की मांग की। लोगों ने चेतावनी दी कि अगर उनकी जायज मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में आंदोलन तेज किया जाएगा।
मौके पर मौजूद लोगों ने कहा कि साफ पीने का पानी बुनियादी जरूरत है। उन्होंने पीएचई विभाग और जिला प्रशासन से बिना देरी दखल देने की अपील की। प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों से गांव का दौरा कर जमीनी हालात का जायजा लेने और पानी के संकट का स्थायी समाधान निकालने की मांग की।