- पर्यटक बोले- क्षेत्र के विकास और सुविधाओं के विस्तार की जरूरत
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। पहलगाम आतंकी हमले के बाद बंद किए गए 48 पर्यटन स्थलों में से एक दूधपथरी को 17 अन्य पर्यटन स्थलों के साथ फरवरी में खोला गया। इसके बाद से इस प्रसिद्ध पर्यटन स्थल में बड़ी संख्या में पर्यटक उमड़े हैं। इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। अभी तक 48 पर्यटन स्थलों में से 42 को पर्यटकों के लिए खोला जा चुका है।
आगंतुकों ने वहां मौजूद सुरक्षा व्यवस्था की तारीफ की। उन्होंने कहा कि पूरी यात्रा के दौरान उन्होंने खुद को सुरक्षित और आरामदायक महसूस किया। कई लोगों ने कहा कि सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी और उचित निगरानी ने पर्यटकों में आत्मविश्वास जगाया है। इससे ज्यादा से ज्यादा लोग बिना हिचकिचाहट के इस जगह को घूमने के लिए प्रेरित हुए हैं।
पंजाब से आए एक पर्यटक आशीष कथूरिया ने कहा कि हम यहां पूरी तरह सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था बहुत अच्छी है। हमें आजादी से घूमने और इस जगह की खूबसूरती का आनंद लेने का आत्मविश्वास मिला है। कश्मीर के बारे में कई बातें बाहर सुनने को मिलती हैं लेकिन जमीनी हकीकत अलग है। सुरक्षित माहौल के साथ-साथ लोग भी सहयोगी हैं।
बेहतर बुनियादी ढांचे और सड़क संपर्क से बदल सकती है तस्वीर
कई आगंतुकों ने यह कहा कि दूधपथरी में और अधिक विकास की अपार संभावनाएं हैं। एक अन्य पर्यटक प्रयांश ने कहा कि बेहतर बुनियादी ढांचा, बेहतर सड़क संपर्क, स्वच्छता सुविधाएं और व्यवस्थित पर्यटन सेवाएं यहां के समग्र अनुभव को काफी हद तक बेहतर बना सकती हैं। देश भर से हजारों लोग कश्मीर घूमने की इच्छा रखते हैं। दूधपथरी जैसे पर्यटन स्थल उनकी सोच को आकार देने में अहम भूमिका निभाते हैं। जब हम वापस जाएंगे तो अपने साथ एक सकारात्मक संदेश लेकर जाएंगे।
सुनियोजित और टिकाऊ विकास पर ध्यान केंद्रित करे सरकार
इस बीच स्थानीय निवासियों ने अधिकारियों से आग्रह किया कि वे सुनियोजित और टिकाऊ विकास पर ध्यान केंद्रित करें ताकि इस क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखते हुए पर्यटन के विकास को लगातार जारी रखा जा सके। मोहम्मद शाहबान ने कहा कि उचित विकास से स्थानीय आबादी के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। जितनी देर यह स्थल बंद रहा यहां पर्यटन पर निर्भर लोगों के लिए दो वक्त की रोटी कमाना भी मुश्किल हो गया था। जब से इसे खोला गया है हमारे लिए रोजगार के द्वार खुल गए। इसके लिए हम उपराज्यपाल मनोज सिन्हा का धन्यवाद करते हैं।