- पार्क, सड़क, खेल मैदान से लेकर कॉलिग्राफिक गेट तक होंगे तैयार
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। जदीबल से विधायक और नेकां के मुख्य प्रवक्ता तनवीर सादिक ने क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए 3.55 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी कर दी। हलका स्तर पर व्यापक बैठकें करने के बाद यह राशि सीडीएफ फंड से जारी की गई है। यह राशि पार्कों के विकास, खेल सुविधाओं, लाइब्रेरी, बस स्टॉप, पुलिया, अग्नि पीड़ितों की मदद, ट्रांसफार्मर, सड़क, नाली, सौंदर्यीकरण और कॉलिग्राफिक लैंडमार्क गेट बनाने पर खर्च होगी।
रैनावारी हलके में आयोजित कार्यक्रम में सादिक ने कहा जमीनी स्तर पर बैठकें करने का मकसद लोगों के दरवाजे तक पहुंचना था। ताकि मौके पर ही उनकी प्राथमिकताएं और जरूरी मुद्दे समझ सकें। उन्होंने कहा कि इस तरीके से असली जन समस्याओं की पहचान हुई और विकास कार्य लोगों की जरूरत के मुताबिक कराए जा रहे हैं।
सादिक ने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे अपने इलाके में चल रहे कामों की गुणवत्ता पर खुद नजर रखें। कोई कमी या गड़बड़ी दिखे तो तुरंत उन्हें बताएं ताकि समय रहते सुधार किया जा सके। उन्होंने कहा कि क्षेत्रफल और आबादी के लिहाज से जदीबल सबसे बड़े हलकों में से एक है। सादिक ने कहा मैं इसे जम्मू-कश्मीर का सबसे विकसित हलका बनाने के लिए प्रतिबद्ध हूं। सादिक ने बताया कि हजरतबल दरगाह पर बाब-उल-सलाम और बाब-उल-नूर, आलमगीरी बाजार के मेन चौक पर पंजथन, गासियार चौक पर बाब-उल-जहरा, रैनावारी चौक पर बाब-उल-सुल्तान-उल-आरिफीन, नालबल में ख्वाजा हबीबुल्लाह नौशहरा (आरए), मिर्जा कामिल साहिब चौक और बाग अली मर्दान खान में प्रतिष्ठित कॉलिग्राफिक गेट का काम चल रहा है।
उन्होंने कहा कि जीएचएसएस श्री भट, सौरा और ब्वॉयज स्कूल में बड़े खेल ढांचे का काम इसी साल पूरा होगा। जदीबल में लंबे समय से प्रतीक्षित पब्लिक हेल्थ इंजीनियरिंग सेंटर अंतिम चरण में है, जल्द ही इसका शिलान्यास होगा। लाल बाजार, मीर बेहरि, वारिस खान, बोटाचावनी और अनार बाग के खेल मैदान भी इसी साल विकसित होंगे।
शहरी इलाकों में जगह की कमी का जिक्र करते हुए बताया कि जोगी लंकर और बागवानपोरा में दो कम्युनिटी हॉल बन रहे हैं। जल्द ही गुलशन बाग और कोकरबाग में चार नए कम्युनिटी हॉल शुरू होंगे। वहीं विधायक ने ऐलान किया कि अंदरूनी डल इलाकों में आवाजाही आसान बनाने के लिए हाल ही में पूरा हुआ करम शाह पुल अंदरूनी डल के लोगों के लिए बड़ी राहत बना है। उन्होंने कहा कि मीर बेहरि डल को टूरिस्ट विलेज का दर्जा दिलाने के लिए वे लगातार काम कर रहे हैं और इस साल मंजूरी मिल जाएगी।
उन्होंने कहा कि सभी शिकारा घाटों का नवीनीकरण होगा और हाउसबोट मालिकों की कई बड़ी मांगों पर काम चल रहा है। उन्होंने कहा विचारनाग और आसपास के इलाकों में ड्रेनेज प्रोजेक्ट तेज किए जा रहे हैं। नौशहरा, सौरा, अक्मल ब्रिज, देवी आंगन और हवाल में सड़क चौड़ीकरण का काम प्रक्रिया में है। आलमगीरी बाजार के मेन चौक को भी जल्द भीड़भाड़ से मुक्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जमीन अधिग्रहण का अंतिम चरण पूरा हो चुका है।
अंत में विधायक ने श्रीनगर और जदीबल के विकास में लगातार सहयोग के लिए उमर अब्दुल्ला का धन्यवाद किया। लोगों के भरोसे, धैर्य और समर्थन के लिए आभार जताते हुए जदीबल की बेहतरी के लिए लगातार काम करने का वादा किया। इस मौके पर बीपी जदीबल, बीपी दरगाह और पार्टी के वरिष्ठ नेता समेत स्थानीय पदाधिकारी मौजूद रहे।