- टंगमर्ग की घटना, आग की घटना में कोई हताहत नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
बारामुला। उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल टंगमर्ग में स्थित स्विस शैले विला होटल में सोमवार की सुबह भीषण आग लग गई। अग्निशमन और आपातकालीन सेवा विभाग और सेना ने मिलकर आग पर काबू पाया।
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उसने देखते ही देखते होटल के एक बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, अग्निशमन और आपातकालीन सेवा विभाग और सेना के जवान तुरंत हरकत में आए और संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
सेना के जवानों और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया और इसे आसपास की अन्य इमारतों में फैलने से रोक दिया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई भी व्यक्ति हताहत नहीं हुआ और होटल में मौजूद सभी मेहमानों तथा कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
अधिकारियों के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी सटीक पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है, हालांकि इस घटना में होटल की संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है।