- टैगोर हॉल में हुआ टेड एक्स डल लेक 2025 का आयोजन, सफलता की 11 गाथाएं सुनाईं
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में बदलाव लाने वाले 11 शख्सियतों की सफलता की कहानी अब दुनियाभर में सुनाई जाएगी। वीरवार को श्रीनगर के टैगोर हॉल में टेड एक्स डल लेक 2025 का आयोजन किया गया। यहां पूरे सूबे से 11 सफलतम लोगों को बुलाकर सम्मान किया गया।
वीरवार को दोपहर करीब 12 बजे शुरू हुए कार्यक्रम का उद्घाटन डिवीजनल कमिश्नर अंशुल गर्ग ने किया। मंच से संबोधन के बाद अंशुल गर्ग और उपायुक्त अक्षय लाबरू ने आयोजकों के साथ चुने गए 11 सफलतम लोगों विजय धर, प्रो नजीर अहमद गनई, सैयद स्लीत शाह, विवेक रैना, आसिफ इकबाल बुर्जा, जीएम लोन, जयदीप सिंह, रियाज बेग, डॉ. तौसीफ अहमद, कपिल मट्टू, मुतहर जरगर को सम्मानित किया।
इसके बाद शुरू हुई सफलता की कहानियां, जो इन सभी लोगों ने मंच से टैगोर हॉल में मौजूद युवाओं को सुनाईं। कार्यक्रम के आयोजक डॉ. अमित वांशु ने बताया कि हमारा मकसद है कि जम्मू-कश्मीर के ऐसे लोग जो आदर्श है उन्हें ग्लोबल प्लेटफॉर्म मिले। मुश्किल काम था, इसके लिए करीब डेढ़ हजार आवेदन मिले थे।
हमारे पैनल ने इनमें से सर्वश्रेष्ठ 11 लोगों का चयन किया और उनकी कहानी आत यहां मंच पर सुनाई गई। अब यहीं कहानियां हमारे ग्लोबल मंच पर जाएंगी। इन्हें टेडएक्स पर अपलोड किया जाएगा। दुनियाभर में हमारे 86 मिलियन सब्स्क्राइबर हैं। पूरी दुनिया जम्मू-कश्मीर की तकदीर बदलने वाले लोगों की कहानी जानेगी। मैं युवाओं से कहना चाहता हूं कि जिंदगी मुश्किल है, लेकिन इसी से लड़कर आगे बढ़ना है। फेल होने से डरना नहीं है। इस दौरान उनके साथ उमर निसार और इरफान अत्तारी भी मौजूद रहे।
इतने बड़े प्लेटफॉर्म का यहां आना बड़ी बात : गर्ग
टैगोर हॉल में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे डिवीजनल अंशुल गर्ग ने कहा कि इतने बड़े ग्लोबल प्लेटफॉर्म से जुड़ना बड़ी बात है। सभी जगह कश्मीरी अच्छा काम कर रहे हैं। खेलों में, कला में, कारीगरी में, पढ़ाई में, ऐसे में उनकी सफलता की कहानी युवाओं को पता होनी चाहिए। यहां कश्मीर में बहुत सारे चेंज मेकर हैं, सभी को एक ग्लोबल प्लेटफार्म पर लाने की कोशिश की गई है। यहां हम जानेंगे कि आम कश्मीरी क्या सोचता है। इस तरह के कार्यक्रम आगे भी कराने की कोशिश रहेगी। स्टांप ड्यूटी के सवाल पर बोले-बैठकें चल रही हैं, सभी मानक देखने के बाद स्टांप ड्यूटी की नई दरें तय की जाएंगी। सर्दियाें की तैयारी के सवाल पर उन्होंने कहा कि हर साल की तरह सर्दी की तैयारी पूरी हैं, सीएम भी खुद देख रहे हैं। राशन का पूरा इंतजाम है। कंट्रोल रूम बनाए गए हैं, हेल्प लाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। सभी तैयारियां पूरी हैं, पहाड़ों पर बर्फ पपड़ी है, अब इंतजार है कि मैदानी इलाकों में भी बर्फबारी हो।