संवाद न्यूज एजेंसी
बारामुला/कुपवाड़ा। ट्रैफिक पुलिस रूरल कश्मीर ने सोमवार को बारामुला के पट्टन और कुपवाड़ा के हंदवाड़ा के मुख्य बाजार में विशेष अभियान चलाया। एसएसपी ट्रैफिक रूरल रविंद्रपाल सिंह ने कहा कि किसी को भी यातायात नियमों के उल्लंघन की अनुमति नहीं दी जाएगी।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान का नेतृत्व एसएसपी ने किया। उनके साथ डीएसपी ट्रैफिक नॉर्थ मुजाहिद नजीर और अन्य ट्रैफिक अधिकारी भी थे। अधिकारियों ने बताया कि यात्री वाहनों में ओवरलोडिंग, बिना सीट बेल्ट के गाड़ी चलाना, बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चलाना और बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने वालों पर बनती कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान अधूरे दस्तावेजों और बार-बार ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने के लिए कई यात्री वाहनों को जब्त किया गया। ग्रामीण इलाकों में सड़क सुरक्षा उल्लंघन की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रवर्तन को तेज कर दिया गया है।
एसएसपी रविंद्रपाल सिंह ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि मेरे अधिकार क्षेत्र में किसी भी उल्लंघन करने वाले वाहन को चलने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उन्होंने आगे जोर दिया कि बिना रजिस्ट्रेशन वाले वाहन, खासकर वे जो बिना उचित दस्तावेजों के बाहरी राज्यों की रजिस्ट्रेशन नंबर के साथ चल रहे हैं उन्हें बिना किसी नरमी के जब्त कर लिया जाएगा। लोेग नियमों का पालन करें।