- छात्रों की चैट साझा कर किया पलटवार, निलंबन और प्रताड़ना के बाद छात्रों ने खुद सांसद से मांगी थी मदद, इमरान नबी डार इसे स्कैंडल बता रहे हैं : रुहुल्ला कार्यालय
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। पूर्व सांसद आगा सैयद रुहुल्ला मेहदी के कार्यालय ने नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के प्रदेश प्रवक्ता इमरान नबी डार की ओर से एसएसएम कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग को लेकर लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे ‘फर्जी खबर’ करार दिया है। रुहुल्ला के कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर छात्रों के साथ हुई व्हाट्सएप बातचीत के स्क्रीनशॉट साझा कर दावा किया कि कॉलेज प्रशासन की मनमानी से परेशान होकर छात्रों ने खुद अपने सांसद से हस्तक्षेप और सहायता की गुहार लगाई थी।
रुहुल्ला मेहदी के कार्यालय ने वस्तुस्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि बारामुला के परिहास्पोरा पट्टन स्थित एसएसएम कॉलेज प्रशासन ने नौ छात्रों को निलंबित कर दिया था। इतना ही नहीं, इन छात्रों को परीक्षा में बैठने देने के लिए उनसे जबरन हलफनामों पर हस्ताक्षर कराए गए और दीक्षांत समारोह के दिन इमारत की एक पूरी मंजिल पर ताला तक जड़ दिया गया था।
कार्यालय के अनुसार, इन परिस्थितियों से तंग आकर प्रभावित छात्र खुद अपने जनप्रतिनिधि के पास पहुंचे और पत्र व संदेश लिखकर मदद मांगी। रुहुल्ला कार्यालय ने तीखा पलटवार करते हुए कहा कि जब पीड़ित छात्र संकट के समय अपने सांसद से गुहार लगाते हैं और उनका कार्यालय छात्रों के हक में खड़ा होता है, तो नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता इसे एक स्कैंडल या राजनीतिक साजिश का रूप देने पर तुले हैं।
बता दें कि इस पूरे विवाद की शुरुआत नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रदेश प्रवक्ता इमरान नबी डार के उस बयान के बाद हुई थी, जिसमें उन्होंने एसएसएम कॉलेज प्रशासन और सांसद रुहुल्ला मेहदी के कार्यालय के बीच कथित मिलीभगत का आरोप लगाया था।
डार ने सार्वजनिक रूप से आरोप लगाया था कि एसएसएम कॉलेज प्रबंधन ने अपने छात्र-छात्राओं के निजी मोबाइल नंबर सांसद रुहुल्ला मेहदी के कार्यालय के साथ साझा किए हैं। उन्होंने दावा किया था कि छात्रों के डेटा का दुरुपयोग किया जा रहा है और सांसद के कार्यालय से सीधे छात्रों से संपर्क कर उन्हें अपने दफ्तर आने के लिए लुभाया जा रहा है।
इसे छात्रों की गोपनीयता और सुरक्षा का गंभीर उल्लंघन बताते हुए इमरान नबी डार ने एसएसएम कॉलेज प्रशासन से इस पर तत्काल स्पष्टीकरण देने और छात्रों व उनके अभिभावकों से सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी मांगने की मांग की थी।
हालांकि, रुहुल्ला मेहदी के कार्यालय द्वारा सार्वजनिक किए गए साक्ष्यों और छात्रों के संदेशों के बाद अब यह मामला पूरी तरह राजनीतिक मोड़ ले चुका है, जहां सांसद कार्यालय ने इसे सीधे तौर पर छात्रों की वास्तविक समस्या से ध्यान भटकाने और दुष्प्रचार फैलाने की कोशिश करार दिया है।