- मिशन युवा के तहत लाभार्थियों को मंजूरी पत्र और ऑफर लेटर बांटे
संवाद न्यूज एजेंसी
कुलगाम। शिक्षा मंत्री सकीना इत्तू ने कुलगाम जिला प्रशासन की ओर से मिशन युवा के तहत आयोजित रोजगार मेले का उद्घाटन किया। इस मेले का मकसद रोजगार के मौकों, उद्यमिता और युवाओं के सशक्तिकरण को बढ़ावा देना था।
इस जॉब फेयर में अलग-अलग सेक्टर की कंपनियों ने हिस्सा लिया जिससे स्थानीय युवाओं को नियोक्ताओं से बातचीत करने, कॅरिअर की संभावनाओं को जानने और सही नौकरी के मौकों के लिए आवेदन करने का एक अच्छा मंच मिला। सभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने युवाओं के लिए टिकाऊ रोजगार के अवसर पैदा करने के महत्व पर जोर दिया और युवाओं के कल्याण, कौशल विकास और आर्थिक सशक्तीकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।
उन्होंने युवाओं को उन सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों का सक्रिय रूप से लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया जिनका मकसद रोजगार की क्षमता बढ़ाना और उद्यमिता को बढ़ावा देना है।
मंत्री ने भाग लेने वाली कंपनियों के प्रतिनिधियों, अधिकारियों और नौकरी चाहने वालों से भी बातचीत की और इस कार्यक्रम को आयोजित करने तथा स्थानीय युवाओं को संभावित नियोक्ताओं से जोड़ने के लिए कुलगाम जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।