श्रीनगर । बारामुला जिला विकास परिषद की पूर्व अध्यक्ष सफीना बेग के जल्द ही जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) में शामिल होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार हाल के सप्ताहों में उनकी पार्टी नेतृत्व के साथ बातचीत में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
सूत्रों ने बताया कि उत्तर कश्मीर की प्रमुख राजनीतिक शख्सियत सफीना बेग ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठ नेताओं के साथ कई दौर की बैठकें की हैं और आने वाले दिनों में उनके औपचारिक रूप से पार्टी में शामिल होने की उम्मीद है। पेशे से वकील साफीना जम्मू-कश्मीर हज समिति की पूर्व अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। वह उत्तर कश्मीर की राजनीति में सक्रिय रही हैं और बारामूला जिले के कई इलाकों में उनका अच्छा प्रभाव माना जाता है।
गौरतलब है कि सफीना बेग ने बारामुला डीडीसी चुनाव एक निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीता था। इसके बाद उन्होंने जिला विकास परिषद की अध्यक्ष के रूप में भी कार्यभार संभाला था। हालांकि, उनके नेशनल कॉन्फ्रेंस में शामिल होने को लेकर अभी तक पार्टी या सफीना बेग की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।