- घाटी में फरवरी अब तक का सबसे गर्म महीना किया गया रिकॉर्ड
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। कश्मीर में दिन के तापमान में पहले कभी नहीं इतनी बढ़ोतरी देखी गई है। घाटी के सभी स्टेशनों पर फरवरी महीने का अब तक का सबसे ज्यादा तापमान रिकॉर्ड किया गया है। इसे कभी सबसे ज्यादा सर्दी माना जाता था, वह अब ऐतिहासिक रूप से गर्म हो गया है।
श्रीनगर में औसत अधिकतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया जो 2016 में बने 14.9 डिग्री सेल्सियस के पिछले फरवरी रिकॉर्ड को पार कर गया। इसी तरह काजीगुंड में 15.2डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिसने 2016 के अपने पिछले 14.1 डिग्री सेल्सियस के रिकॉर्ड को तोड़ दिया।
उत्तरी कश्मीर में कुपवाड़ा 14.8 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ गया जो 2016 में रिकॉर्ड किए गए 14.7 डिग्री सेल्सियस के पिछले सबसे अधिक तापमान से आगे निकल गया। गर्मी सिर्फ मैदानी इलाकों तक ही सीमित नहीं रही। साउथ कश्मीर में कोकरनाग में तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जो 2016 में फरवरी में सबसे ज्यादा 12.8 डिग्री सेल्सियस था।
पहलगाम, जो ज्यादा ठंडे इलाकों के लिए जाना जाता है वहां तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह 2016 के 11.6 डिग्री सेल्सियस के पिछले रिकॉर्ड को पार कर गया। हिल रिसॉर्ट गुलमर्ग जो आमतौर पर साल के इस समय सबसे ठंडी जगहों में से एक होता है, वहां भी तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसने 2006 में फरवरी में सबसे लंबे समय से चले आ रहे 5.9 डिग्री सेल्सियस के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। फरवरी, जिसे पारंपरिक रूप से लगातार ठंड और बर्फबारी से जोड़ा जाता है, इस बार वसंत जैसी दोपहर महसूस हो रही है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 1-3 मार्च को आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और ऊंचाई वाले कुछ इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। 4-7 मार्च को हल्के बादल छाए रहेंगे। 8 से 12 मार्च तक मौसम सूखा रहने का अनुमान है
शनिवार को श्रीनगर में अधिकतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 8.1 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 1.2 डिग्री कम है। कश्मीर के प्रवेश द्वार काजीगुंड में अधिकतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 9.4 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 1.0 डिग्री रहा जो सामान्य से 0.3 डिग्री अधिक है।
पहलगाम में अधिकतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 8.3 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान माइनस 0.8 डिग्री रहा जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक है। गुलमर्ग में अधिकतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 7.2 डिग्री अधिक है, वहीं न्यूनतम तापमान माइनस 2.5 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक है।