- काजीपोरा नारकारा के निवासियों में रोष, कहा-हफ्तों से नहीं उठा कचरा, आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ा
- बार-बार शिकायत करने के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। काजीपोरा नारकारा के निवासियों ने इलाके में बिगड़ी सफाई व्यवस्था और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को लेकर सोमवार को विरोध जताया। उनका आरोप है कि अनियमित कचरा उठान, नालियों की उपेक्षा और अपर्याप्त स्ट्रीट लाइटिंग के कारण उनका जीवन लगातार कठिन होता जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हफ्तों से घरों का कचरा नहीं उठाया गया है। परिणामस्वरूप सड़कों और रिहायशी इलाकों के आसपास कचरे के ढेर लग गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सफाई कर्मचारी न तो नियमित रूप से नालियों की सफाई कर रहे हैं और न ही समय पर कचरा हटाना सुनिश्चित कर रहे हैं। इससे पूरे इलाके में बदबू फैल रही है और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
स्थानीय निवासी बशीर अहमद बेग ने कहा, पूरा इलाका ही डंपिंग ग्राउंड में तब्दील हो चुका है। सड़कों पर कचरा बिखरा रहता है जिससे आवारा कुत्ते जमा हो रहे हैं। विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों के लिए गंभीर समस्याएं पैदा हो रही हैं। इलाके की कई स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं। सूरज ढलते ही गलियों में अंधेरा छा जाता है। इससे सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। स्ट्रीट लाइटें चालू न होने और कुत्तों की बढ़ती मौजूदगी के कारण रात के समय लोगों, विशेषकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
लोगों का आरोप है कि सफाई संबंधी शिकायतों को संबंधित वार्ड अधिकारी के संज्ञान में बार-बार लाने के बावजूद कोई ठोस सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए हैं। लोगों ने नगर निगम अधिकारियों से अपील की है कि वे तुरंत घर-घर जाकर कचरा उठाने की व्यवस्था बहाल करें। सड़कों और नालियों की अच्छी तरह से सफाई कराएं। जमा कचरे को हटाएं और आवारा कुत्तों के बढ़ते खतरे से राहत दिलाएं।
उन्होंने अधिकारियों से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत करने का भी आग्रह किया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। इसके साथ ही निवासियों ने संबंधित विभागों से जवाबदेही तय करने और इन पुरानी नागरिक समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करने की मांग की है।