श्रीनगर। पुलवामा के विधायक वाहिद पर्रा ने कहा कि लोग टूरिज्म इंडस्ट्री में इंवेस्ट कर रहे हैं। यह हमारी बैक बोन इकोनॉमी है। यह एक बहुत अच्छी शुरुआत है और एक बार फिर से लोग आना जाना शुरू करेंगे। इसी के साथ उन्होंने जम्मू-कश्मीर में बुलडोजर की शुरुआत की निंदा की।
उन्होंने कहा कि जो जम्मू-कश्मीर में बुलडोजर की शुरूआत हुई है इसकी हम कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि हाल में जो विधानसभा सत्र हुआ था उसमें पीडीपी की ओर से एक बिल लाया गया था जिसमें जिन लोगों के घर सरकारी जमीनों पर हैं या घास चराई में हैं उस जमीन का अधिकार उन लोगों को दिया जाए।
उन्होंने कहा कि नेशनल कांफ्रेंस ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में लोगों के साथ इसको लेकर वादा भी किया था लेकिन उस समय नेकां और भाजपा ने सत्र के दौरान इस बिल के खिलाफ वोट किया। उन्होंने कहा कि आज उसी का नतीजा है कि जम्मू-कश्मीर में बुलडोजर की पहल हुई है। उन्होंने कहा कि उमर अब्दुल्ला ने सत्र के दौरान कहा था कि यह लैंड गराइबर है। यह उसी का नतीजा है कि प्रशासन उसी चीज को नजर में रखकर बुलडोजर चला रहा है। उन्होंने कहा कि यह हमारी विरासती हमारे बुजुर्गों की जमीन है और उन लोगों का पहला हक है इस जमीन पर चाहे वह हिंदू हो या मुसलमान हो।
उन्होंने कहा कि सरकार की एक बड़ी जिम्मेदारी है जिनमें जो लोग घरों में रहते है उन्हें बेघर नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि जो इस तापमान में अगर अतिक्रमण अभियान चलाकर लोगों को बेघर किया जाएगा वो ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार को अपने चुनावी वायदे को भी याद रखना चाहिए। संवाद