अनंतनाग। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने वीरवार को नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। एनडीपीएस अधिनियम की धारा 68(एफ) के प्रावधानों के तहत नशा तस्करी के एक कुख्यात आरोपी की 80 लाख रुपये मूल्य की चल और अचल संपत्ति कुर्क की गई।
अनंतनाग पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि कुर्क की गई संपत्ति में एक मंजिला रिहायशी मकान और एक आई-20 गाड़ी शामिल है जिनकी अनुमानित बाजार में कीमत 80 लाख है। यह संपत्ति शालगाम श्रीगुफवारा के रहने वाले इमरान अहमद वानी की है।
उन्होंने बताया कि आरोपी पुलिस स्टेशन श्रीगुफवारा में एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज एफआईआर के संबंध में शामिल है। यह कुर्की अनंतनाग पुलिस की ओर से की गई। यह अवैध नशीले पदार्थों के व्यापार को बढ़ावा देने वाले नेटवर्क को खत्म करने के लगातार जारी पुलिस के प्रयासों का हिस्सा है।