संवाद न्यूज एजेंसी
अनंतनाग। मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध नशा कारोबार के खिलाफ जारी अभियान के तहत अनंतनाग पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत एक कुख्यात ड्रग तस्कर की संपत्ति कुर्क कर दी है।
पुलिस की ओर से कुर्क की गई संपत्ति में 6 मरला भूमि पर बना दो मंजिला पक्का रिहायशी मकान शामिल है जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 60 लाख रुपये बताई गई है। यह संपत्ति अंचीदोरा, अनंतनाग निवासी आसिफ हुसैन खान उर्फ सोआब डॉन की है जिसे पुलिस ने क्षेत्र का कुख्यात ड्रग तस्कर बताया है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई एनडीपीएस अधिनियम की धारा 68-एफ के तहत सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए की गई। जांच में पाया गया कि यह संपत्ति मादक पदार्थों की तस्करी और नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार से अर्जित धन से बनाई गई थी। अनंतनाग पुलिस ने कहा कि नशा तस्करों और उनके अवैध नेटवर्क के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।