- पुलिस ने आईपीएस अधिकारी चैतन्य गिरि को दी विदाई
संवाद न्यूज एजेंसी
शोपियां। पुलिस ने शोपियां में जिला प्रैक्टिकल ट्रेनिंग और थाना शोपियां के एसएचओ के तौर पर कार्यकाल सफलतापूर्वक पूरा करने पर जिला पुलिस मुख्यालय में आईपीएस अधिकारी चैतन्य गिरि के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम में डीसी और एडीसी सहित वरिष्ठ सिविल व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। समारोह में अधिकारी की समर्पित सेवा और पेशेवर आचरण के लिए हार्दिक सराहना की गई।
इस मौके पर एसएसपी ने अधिकारी के पेशेवर रवैये, प्रतिबद्धता और कर्तव्य निर्वहन में उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। समारोह में मौजूद वरिष्ठ अधिकारियों ने आईपीएस अधिकारी को शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि वे भविष्य में भी भारतीय पुलिस सेवा में ईमानदारी, पेशेवर रवैये और जनसेवा के उच्चतम मानकों को कायम रखेंगे। वहीं सराहना और सद्भावना के प्रतीक के रूप में अधिकारी को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।
समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ जिसमें उनके अच्छे स्वास्थ्य, सफलता और राष्ट्र सेवा में एक विशिष्ट करियर की कामना की गई।