कुपवाड़ा। वन विभाग ने पुलिस के सहयोग से जिले के शानू लंगेट क्षेत्र में रविवार देर रात लकड़ी से भरे दो वाहनों को जब्त किया। यह लकड़ी अवैध रूप से ले जाई जा रही थी। विशेष सूचना पर यह ऑपरेशन हंदवाड़ा पुलिस ने वन विभाग और वन सुरक्षा बल के कर्मचारियों के साथ मिलकर चलाया। अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए वाहनों की जांच के दौरान देवदार की लकड़ी लदी हुई मिली। लकड़ी के कुल 25 टुकड़े मिले जिसका अनुमानित आकार लगभग 40.91 क्यूबिक फीट था। इसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया। दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है। विभाग व पुलिस ने लकड़ी के स्रोत, मालिकाना हक और निर्धारित गंतव्य को स्पष्ट करने तथा अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों की पहचान करने के लिए जांच शुरू कर दी है। संवाद