अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। पीपल्स कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष और हंदवाड़ा से विधायक सज्जाद लोन ने नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार के पर जबरदस्त राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में आउटसोर्सिंग सिस्टम को बुरी तरह से गड़बड़ बताया है और वादा किया है कि एक हफ्ते के अंदर वे बड़े खुलासे करेंगे।
सत्ताधारी पार्टी को सीधे निशाने पर लेते हुए लोन ने कड़े शब्दों में कहा, नेकां में मेरे दोस्तों, आउटसोर्सिंग से जुड़े कई सवालों के जवाब देने के लिए तैयार हो जाइए। जैसा कि वादा किया गया था, एक हफ्ते के अंदर हम आउटसोर्सिंग से जुड़ी हर बात सबके सामने लाएंगे। हालांकि लोन ने आउटसोर्सिंग पॉलिसी शुरू करने के लिए नेकां को सीधे तौर पर जिम्मेदार नहीं ठहराया, लेकिन उन्होंने यह साफ कर दिया कि पार्टी इसमें शामिल थी।
इसके बाद लोन ने अपना सबसे गंभीर आरोप लगाया, जो पॉलिसी की नाकामी से आगे बढ़कर सीधे तौर पर गलत काम की श्रेणी में आता है। उन्होंने कहा, आउटसोर्सिंग में भ्रष्ट मिलीभगत की गुंजाइश होती है। और वह भ्रष्ट मिलीभगत मुझे साफ़ तौर पर दिखाई दे रही है। इससे संकेत मिलता है कि उनके आने वाले खुलासे राजनीतिक अटकलों पर नहीं, बल्कि पक्की जानकारी पर आधारित होंगे।