- शेर-ए-कश्मीर पार्क में जनसभा में कार्यकर्ताओं से खामोशी तोड़ने का किया आह्वान, केंद्र और नेशनल कॉन्फ्रेंस पर तीखा प्रहार
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने सोमवार को श्रीनगर स्थित ऐतिहासिक शेर-ए-कश्मीर पार्क में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की दमनकारी नीतियों और प्रतिद्वंद्वी नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां)के दोहरे रवैये पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा, डंडे के जोर पर जम्मू-कश्मीर नहीं चलेगा। अविश्वास के साए में कब तक हुकूमत चल सकती है।
मशहूर शायर फैज अहमद फैज की नज्म की मशहूर पंक्ति बोल कि लब आजाद हैं तेरे के बैनर तले आयोजित इस रैली में घाटी के विभिन्न जिलों से पहुंचे हजारों कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों और मुख्य प्रतिद्वंद्वी नेकां के राजनीतिक रुख पर सीधा हमला बोलते हुए तीखे सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा, जम्मू-कश्मीर को केवल सैन्य बल, डंडे और पाबंदियों के सहारे ज्यादा दिनों तक खामोश नहीं रखा जा सकता। उन्होंने कहा कि कश्मीरी अवाम पिछले सात वर्षों से अत्यधिक दबाव और घुटन के दौर से गुजर रही है लेकिन असंतोष को दबाने की यह रणनीति कभी भी स्थाई समाधान नहीं दे सकती।
पिछले सात वर्षों में प्रशासन ने हर संभव सख्त कदम उठाकर देख लिए हैं। कश्मीरियों की आवाज दबाने के लिए जनसुरक्षा कानून और गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम कानून जैसे कड़े कानूनों का सहारा लिया गया। आम नागरिकों व सियासी नेताओं को जेलों में ठूंसा गया और स्थानीय कर्मचारियों को बिना जांच पड़ताल के नौकरियों से बर्खास्त किया गया।
उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा, कब तक आप डंडे के सहारे जम्मू-कश्मीर को बंद रखेंगे। कब तक यहां के लोगों की जुबानबंदी करेंगे, बोल कि लब आजाद हैं तेरे...हम खामोश नहीं बैठ सकते। कश्मीर कोई प्रशासनिक या सुरक्षा का साधारण मसला नहीं है, बल्कि यह एक राजनीतिक और मानवीय मुद्दा है। इसका हल दमन से नहीं, बल्कि लोगों के दिलों पर मरहम लगाने, उनसे सीधा संवाद करने और विश्वास बहाली से ही निकलेगा। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने जिस तरह कश्मीरियत, इंसानियत और जम्हूरियत के तहत भरोसा कायम किया था उसी रास्ते पर चलकर ही स्थायी अमन मुमकिन है।
शक के साए में कश्मीरी पहचान पर जताई गहरी चिंता
महबूबा मुफ्ती ने कहा कि आज हर कश्मीरी को शक और अविश्वास के घेरे में खड़ा कर दिया गया है। उन्होंने सवाल किया कि जब 1947 में मुस्लिम बहुल आबादी होने के बावजूद शेख मोहम्मद अब्दुल्ला के नेतृत्व में कश्मीरियों ने पाकिस्तान के द्विराष्ट्र सिद्धांत को नकारकर महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के धर्मनिरपेक्ष भारत पर विश्वास जताया था तो आज 79 वर्ष बीत जाने के बाद भी हर कश्मीरी को संदेह की नजर से क्यों देखा जाता है।
बाहरी राज्यों में पढ़ाई कर रहे कश्मीरी छात्रों और नौजवानों को बेवजह मारपीट और प्रताड़ना का शिकार बनाया जाता है। पासपोर्ट कार्यालयों में युवाओं की लंबी कतारें लगी हैं लेकिन सुरक्षा जांच के नाम पर उनके पासपोर्ट रोके जा रहे हैं जिससे उनके कॅरिअर और शिक्षा पर ग्रहण लग रहा है। गुज्जर और बकरवाल समुदाय सहित स्थानीय आदिवासियों को जंगलों व उनकी पारंपरिक जमीनों से बेदखल किया जा रहा है। सड़कों पर भारी सैन्य तैनाती के बीच जब कोई वाहन निकलता है तो बाहर से आए सुरक्षाकर्मी स्थानीय कश्मीरियों से पहचान पत्र मांगते हैं। हालात यह हो चुके हैं कि यदि कोई कश्मीरी अस्सलामुअलैकुम या इंशाअल्लाह बोले, तो उसे भी सीधे तौर पर शक के दायरे में खड़ा कर दिया जाता है।
नेशनल कॉन्फ्रेंस पर ऐतिहासिक विश्वासघात का आरोप
उन्होंने नेकां नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, नेशनल कॉन्फ्रेंस ने 22 वर्षों तक कश्मीर की अवाम को रायशुमारी और अलग रास्ते का सब्जबाग दिखाकर भड़काया। इस सियासी जिद और नारों के चक्कर में कश्मीरी नौजवानों का खून बहा और घाटी के कब्रिस्तान भर गए। 1975 में सत्ता और कुर्सी की खातिर नेकां नेतृत्व ने उसी रायशुमारी के आंदोलन को दफन कर दिया और दिल्ली से समझौता कर मुख्यमंत्री पद स्वीकार कर लिया। नेकां नेतृत्व ने दिल्ली के दरबार में जाकर वफादारी के सुर अलापे और कश्मीर लौटकर अवाम को गुमराह करने वाली अलग भाषा बोली। इसी दोमुंहेपन ने दिल्ली की नजरों में कश्मीरी अवाम की साख को पूरी तरह नष्ट कर दिया। नेकां के शासनकाल में ही घाटी में पोटा, स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप और टास्क फोर्स का गठन हुआ, जिसके चलते कश्मीरी नौजवानों पर भारी जुल्म ढाए गए।
मुफ्ती मोहम्मद सईद की सियासत और मुगल रोड का जिक्र
महबूबा मुफ्ती ने कहा कि मुफ्ती साहब ने ताउम्र एक ही उसूल पर सियासत की। जब वे अलीगढ़ से तालीम पूरी कर लौटे तो उन्होंने डंके की चोट पर सारे जहां से अच्छा हिंदोस्तां हमारा का नारा बुलंद किया और अपने सियासी रुख को कभी नहीं बदला। मुफ्ती साहब ने हमेशा दिल्ली और श्रीनगर के बीच अविश्वास की खाई को पाटने का काम किया। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी को कश्मीर लाकर यह समझाया कि कश्मीरी जनता केवल सड़कों और इमारतों की मोहताज नहीं है बल्कि उसे आत्मसम्मान और गरिमा की दरकार है।
मुफ्ती साहब के प्रयासों से ही भारत-पाकिस्तान के बीच रिश्ते सुधरे, व्यापार व यात्रा के लिए सीमाएं खुलीं और ऐतिहासिक मुगल रोड का निर्माण हुआ जिससे घंटों का सफर सिमट गया। इसके अलावा कॉलेजों की स्थापना और रहबर-ए-तालीम जैसी योजनाओं के जरिए लाखों युवाओं को सम्मानजनक आजीविका दी गई। उन्होंने केंद्र सरकार को चेताया कि अवाम के भीतर पनप रहे दर्द और गुस्से को पहचानें, क्योंकि अगर कश्मीरी अवाम के सब्र का पैमाना टूटा, तो हालात किसी के नियंत्रण में नहीं रहेंगे।